सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस ने जिले में अफीम की अवैध खेती को रोकने के लिए व्यापक अभियान की शुरुआत की है. इस अभियान का उद्देश्य वर्तमान फ़सलीय वर्ष में अफीम की अवैध खेती की संभावना को नगण्य करना है. पुलिस इसके लिए प्री कल्टीवेशन ड्राइव चला रही है और विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जा रहा है.

अभियान के तहत रविवार को कांड्रा थाना क्षेत्र के हुदु पंचायत के उपरबेड़ा और कोनामार्चा गांव, ईचागढ़ थाना अंतर्गत डुमटांड़ बाजार, कुचाई थाना अंतर्गत चम्पद गांव, दलभंगा ओपी अंतर्गत दलभंगा बाजार और खरसावां थाना क्षेत्र के हुड़ांगड़ा गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए.

कार्यक्रम के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों ने ग्रामीणों को स्थानीय भाषा में अफीम की अवैध खेती और विक्रय के दुष्प्रभाव के साथ- साथ कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. पुलिस ने ग्रामीणों को अफीम के स्थान पर वैकल्पिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि अफीम की खेती पूरी तरह समाप्त की जा सके और जिले में वैकल्पिक कृषि को बढ़ावा दिया जा सके.

