जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में नव दुर्गा कौशल महोत्सव 2.0 का भव्य आयोजन हुआ. नवरात्रि और मां दुर्गा की थीम पर आधारित इस सांस्कृतिक उत्सव में विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने नृत्य, फैशन शो, गायन, रंगोली और फायरलेस कुकिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समिति और सॉफ्ट स्किल्स विभाग के संयुक्त सहयोग से किया गया, जिसका उद्देश्य रचनात्मकता, टीम भावना और नवरात्रि की समृद्ध परंपरा के साथ गहरा जुड़ाव विकसित करना था.

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और माँ दुर्गा के आह्वान के साथ हुआ. इसके बाद छात्रों ने मंच पर पारंपरिक गरबा, डांडिया और माँ दुर्गा की कथाओं पर आधारित आधुनिक प्रस्तुतियां दीं. फैशन शो में विद्यार्थियों ने मां दुर्गा के नौ अवतारों से प्रेरित परिधानों में रैंप वॉक किया.

फायरलेस कुकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिना आग के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर निर्णायकों को प्रभावित किया. वहीं रंगोली प्रतियोगिता में माँ दुर्गा, शेर और त्रिशूल जैसे मनमोहक डिज़ाइन बनाकर परिसर को आकर्षक बनाया गया. गायन प्रतियोगिता में भक्ति गीतों से लेकर समकालीन प्रस्तुतियों तक ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने छात्रों के उत्साह और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि यह महोत्सव हमारी सांस्कृतिक जड़ों और युवाओं की प्रतिभा का उत्सव है. कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह और मां दुर्गा के आशीर्वाद की भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ हुआ. कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, प्रशासनिक अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी मेंबर्स और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे.

