सरायकेला: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष और समाजसेवी मनोज कुमार चौधरी ने हर्ष प्रकट करते हुए इसे अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा महामहिम का यह दौरा शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे सहित सांस्कृतिक और सामाजिक- आर्थिक पहलुओं के त्वरित कार्यान्वयन की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा.

हर्ष का विषय है कि 29 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एनआईटी सरायकेला- खरसावां के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. इस अवसर पर वह मेधावी छात्रों को डिग्रियां और स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी. साथ ही दो प्रतिष्ठित हस्तियों को मानद उपाधि भी दी जाएगी. इससे संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक उजागर होगी.
राष्ट्रपति का यह दौरा झारखंड को एक सशक्त औद्योगिक- शैक्षणिक हब के रूप में राष्ट्रीय विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का संदेश देता है. यह देश के विकास के विजन में एनआईटी की प्रमुख भूमिका को रेखांकित करता है और स्थानीय युवाओं में तकनीकी शिक्षा के प्रति आकर्षण बढ़ाकर रोजगार और नवाचार को प्रोत्साहित करेगा.
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सरायकेला- खरसावां जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. गार्ड ऑफ ऑनर, नो- फ्लाई जोन, पुख्ता पुलिस तैनाती और रूट इंस्पेक्शन जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने स्वयं सड़कों का निरीक्षण कर प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित किया है, जो प्रशंसनीय है.
इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान यह अपेक्षा भी जताई जा रही है कि जिला प्रशासन और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि राष्ट्रपति महोदया को क्षेत्र की विशेषताओं, समृद्ध संस्कृति और लोक कलाओं से अवगत कराएंगे, ताकि इनके संरक्षण और उत्थान की दिशा में ठोस पहल हो सके.

