चांडिल: आगामी रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को लेकर रविवार को नीमडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार ने की. बैठक में अभय कुमार द्विवेदी (अंचलाधिकारी), थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी, मुखिया, ग्राम प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शांति समिति तथा अखाड़ा समिति के सदस्य मौजूद रहे.


बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से सभी लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई. अधिकारियों ने कहा कि पर्व- त्योहार के दौरान कानून- व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जाएगी. जुलूस मार्ग, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया और क्षेत्र में आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए सभी पर्व मनाने का संकल्प लिया.

