चांडिल/ Bikash Thakur अनुमंडल के नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है. अलग- अलग स्थानों पर हाथियों के हमले और फसलों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आ रही हैं.

गुरुवार को हूंडरू पाथरडीह गांव निवासी कंका सिंह उर्फ कोकिल सिंह पर उस समय जंगली हाथी ने जानलेवा हमला कर दिया, जब वे शौच के लिए घर से बाहर निकले थे. अचानक सामने आए हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह हाथी को खदेड़कर घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
इधर, लगभग 16 जंगली हाथियों के झुंड ने रघुनाथपुर गांव के बड़डीह टोला में जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने दर्जनों किसानों के धान, सब्जी, केला, आलू समेत अन्य फसलों को खाकर और पैरों से रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया. इस घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है.
लगातार हाथियों की आवाजाही और हमलों से इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं. ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में हाथियों की निगरानी बढ़ाने, उन्हें सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने, प्रभावित किसानों को मुआवजा देने और घायल व्यक्ति के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की है.

