सरायकेला: ईचागढ़ विधायक

सविता महतो ने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नीमडीह में डीएमएफटी फंड से स्थापित अल्ट्रासाउंड और एक्सरे मशीन का रविवार को विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया. करीब 58 लाख रुपए की लागत से यह अत्याधुनिक मशीनें स्वास्थ्य केंद्र में लगाई गई हैं.
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इन सुविधाओं की मांग कर रही थी. अब मरीजों को अल्ट्रासाउंड और एक्सरे जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा. इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है.

उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे. कार्यक्रम में जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनंत कुमार महतो, डॉ एच एस शेखर, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

