रांची: झारखंड के चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा. बुधवार को सरायकेला के आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को 100 सीट वाले एमबीबीएस कोर्स के लिए औपचारिक मान्यता मिल गई है. मेडिकल काउंसिल (एमसी) की ओर से जारी पत्र में कॉलेज को इस शैक्षणिक सत्र से 100 सीटों पर प्रवेश की अनुमति प्रदान की गई है.

कॉलेज प्रशासन के अनुसार इस मान्यता से झारखंड के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का बड़ा अवसर मिलेगा. राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
एमसी द्वारा मान्यता मिलने के बाद अब कॉलेज और अस्पताल परिसर में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है. कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि इस उपलब्धि से झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में नई ऊर्जा आएगी. मालूम हो कि पिछले साल ही 650 बेड के सुपर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल आदित्यपुर में अस्तित्व में आया है एक साल के भीतर अस्पताल ले बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है.
नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमेन मदन मोहन सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरे समूह को देते हुए कहा कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को 100 सीट एमबीबीएस कोर्स में एडमिशन के लिए मान्यता मिल चुकी है, जो झारखंड के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. इस मेडिकल कॉलेज का उद्देश्य क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना है. एमबीबीएस कोर्स में अक्टूबर 2025 से छात्रों का नामांकन शुरू होगा, जिसमें 100 छात्रों को प्रवेश मिलेगा. अस्पताल में अब तक 241 डॉक्टर अपनी सेवाएं दे चुके हैं और 153 सफल सर्जरी की गई हैं. 650 बेड वाले इस अस्पताल में ऑर्थो, जनरल सर्जरी, गायनिक और ईएनटी जैसी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं. अस्पताल में 100 यूनिट स्टोरेज क्षमता का ब्लड बैंक भी शुरू हो चुका है. नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का लक्ष्य जनसेवा और शिक्षा की अलख जगाना है, जो झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान होगा.

