जामताड़ा/ Manish Baranwal जिला के पहलवान मोतीलाल यादव 12 से 14 दिसंबर तक गुजरात के अहमदाबाद में होने वाली राष्ट्रीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे. मोतीलाल यादव जामताड़ा जिला कुश्ती संघ से जुड़े हुए हैं और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य टीम में अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं.

बीते नवंबर माह में पलामू जिला के हरिहरगंज में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता 2025 में उन्होंने 79 किलो भार वर्ग के फ्री स्टाइल में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड टीम में अपनी जगह सुनिश्चित की थी. इसके बाद रांची खेलगांव होटवार में झारखंड खेल विभाग और झारखंड कुश्ती संघ के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में कठोर अभ्यास और मेहनत के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के लिए अपनी तैयारी को और मजबूत किया.
मोतीलाल यादव पिछले चार वर्षों में विभिन्न राज्यों में आयोजित चार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. जामताड़ा जिला कुश्ती संघ के महासचिव दीपक दुबे ने कहा कि मोतीलाल राष्ट्रीय मंच पर इस बार भी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे.
मोतीलाल यादव की उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार, जामताड़ा जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष प्रदीप कुमार भैया, महासचिव दीपक दुबे, सूरज कुमार पासवान, भास्कर चांद, नितेश सेन, अरुप मित्र, भूपेश गुप्ता, अमित राय, बापी दत्ता, रणदीप गुप्ता और अमित मंडल ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
