सरायकेला: राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने राजबांध के युवक एवं युवतियों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया और उन्हें मतदान की शपथ दिलाई.

इस अवसर पर मनोज चौधरी ने कहा कि “पहले मतदान फिर जलपान” के नारे के साथ यह अभियान शुरू किया गया, जो हमारे लोकतांत्रिक देश की आवश्यकता को दर्शाता है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे वोट के माध्यम से अच्छे जनप्रतिनिधि का चयन करें, जो हमारी बुनियादी समस्याओं का समाधान कर सकें.
वर्तमान में वोटिंग के घटते अनुपात पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि मतदान हमारी लोकतांत्रिक प्रणाली का आधार है, जिसे मजबूत करना हर नागरिक का कर्तव्य है. सही जनप्रतिनिधि का चयन करने के लिए हमें अपनी समझ और सुझबुझ का उपयोग करना चाहिए.
पूर्व उपाध्यक्ष ने कहा कि शत-प्रतिशत मतदान से देश, राज्य, नगर पालिका और पंचायत क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास होगा, जिससे भारत एक सर्वसंपन्न, सर्वशक्तिमान एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र बन सकेगा.

