जमशेदपुर: इंडियन पावर लिफ्टिंग फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय सीनियर महिला और पुरुष नेशनल पावर लिफ्टिंग एवं बेंचप्रेस चैम्पियनशिप 2025 का सफल समापन बिष्टुपुर स्थित मिलानी सभागार में हुआ. प्रतियोगिता में देशभर से 17 राज्यों के लगभग 310 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और पुरुषों के 9 तथा महिलाओं के 8 ग्रुप में रोमांचक मुकाबले खेले गए.

समापन समारोह में प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के डायरेक्टर अरिजीत सरकार, महासचिव कौस्तव दत्ता, संयुक्त सचिव राहुल शुक्ला और संपा गुहा ने विजेताओं को सम्मानित किया. इस अवसर पर फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष और अर्जुन पुरस्कार विजेता सुव्रत दत्ता को श्रद्धांजलि भी दी गई.

टीम परिणामों में ओवरऑल पावर लिफ्टिंग (इक्विप्ड) में छत्तीसगढ़ विजेता रहा जबकि उत्तर प्रदेश प्रथम उपविजेता और आंध्रप्रदेश द्वितीय उपविजेता रहे. ओवरऑल पावर लिफ्टिंग (अनइक्विप्ड) में ओडिशा ने बाजी मारी, छत्तीसगढ़ प्रथम उपविजेता और असम द्वितीय उपविजेता बने. नेशनल बेंचप्रेस पुरुष वर्ग में मणिपुर विजेता रहा जबकि ओडिशा और उत्तर प्रदेश क्रमशः उपविजेता और द्वितीय उपविजेता रहे. महिला वर्ग में ओडिशा विजेता बना, उत्तर प्रदेश प्रथम उपविजेता और आंध्रप्रदेश द्वितीय उपविजेता रहा.
सीनियर स्ट्रांग के व्यक्तिगत वर्ग में पुरुष (इक्विप्ड) में झारखंड के राजेंद्र पाटिल, महिला (इक्विप्ड) में छत्तीसगढ़ की अंजना सिंह, पुरुष (अनइक्विप्ड) में छत्तीसगढ़ के दिलीप पटेल और महिला (अनइक्विप्ड) में ओडिशा की बनानी बिस्वास विजेता रहीं. इस आयोजन में दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश के सचिवगण भी मौजूद रहे और प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान दिया.

