जामताड़ा/ Manish Baranwal 19वीं सीनियर सर्कल स्टाइल राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) में जामताड़ा जिले के सात खिलाड़ियों का चयन हुआ है. इस उपलब्धि से जिले में खेल जगत में खुशी का माहौल है. चयनित खिलाड़ियों में जामताड़ा निवासी नीता मुर्मू और सुशिला मरांडी शामिल हैं. वहीं मिहिजाम स्थित ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी के खिलाड़ी तनीषा कुमारी, दिया मरांडी, अंजली कुमारी, यश राज गुप्ता और दीपांकर सिंह का भी चयन किया गया है.

चयनित खिलाड़ियों ने बताया कि उनकी इस सफलता के पीछे कोच अरविंद कुमार ओझा और राज कमल सिंह का अहम योगदान रहा है. खिलाड़ियों ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से वे ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी, भारत में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं, जहां उन्हें खेल से जुड़ी हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उनके खेल में लगातार निखार आया है.
गुरुवार को सभी चयनित खिलाड़ी आसनसोल स्टेशन से गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के माध्यम से उत्तराखंड के लिए रवाना हुए. राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने से सभी खिलाड़ी उत्साहित और आत्मविश्वास से भरे नजर आए.
इस अवसर पर जामताड़ा जिला कबड्डी संघ की अध्यक्ष मीरा मिश्रा, संरक्षक अरविंद कुमार ओझा, सचिव रोहित कुमार, कोषाध्यक्ष मनीष बरणवाल, ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी भारत के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह तथा सचिव एवं हेड कोच राज कमल सिंह ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं.
जामताड़ा जिला कबड्डी संघ के कोषाध्यक्ष सह ओलंपिक संघ के मीडिया प्रभारी मनीष बरणवाल ने जानकारी दी कि 19वीं सीनियर सर्कल स्टाइल राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) का आयोजन श्री गुरुद्वारा साहिब, बाजपुर, नैनीताल, उत्तराखंड में 10 जनवरी से 12 जनवरी तक किया जाएगा.

