सरायकेला/ Pramod Singh जिले के तीनों शहरी निकाय- आदित्यपुर नगर निगम, सरायकेला नगर पंचायत और कपाली नगर परिषद चुनाव की मतगणना शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है. मतगणना केंद्र के रूप में काशी साहू कॉलेज को पूरी तरह सुरक्षा घेरे में तब्दील कर दिया गया है.

सुबह निर्धारित समय पर अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में काउंटिंग टेबल पर मतपेटियों को खोला गया. जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. केंद्र के अंदर और बाहर पुलिस बल, दंडाधिकारी तथा सीसीटीवी कैमरों की तैनाती की गई है. बिना पास के किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.
प्रत्याशियों और उनके अधिकृत एजेंटों को ही मतगणना कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई है. प्रत्येक राउंड की गिनती के बाद परिणाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी. प्रशासन ने पारदर्शी और निष्पक्ष मतगणना का भरोसा दिलाया है.
आदित्यपुर नगर निगम के लिए 30 टेबल बनाए गए हैं. कपाली नगर परिषद के लिए 8 टेबल और सरायकेला नगर पंचायत के लिए 7 टेबल निर्धारित किए गए हैं. आदित्यपुर नगर निगम की मतगणना 5 राउंड में, कपाली नगर परिषद की 3 राउंड में तथा सरायकेला नगर पंचायत की मतगणना 2 राउंड में पूरी की जाएगी. कॉलेज परिसर के बाहर समर्थकों की भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल अलर्ट मोड में तैनात है. देर शाम तक तीनों निकायों की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है

