सरायकेला: राज्य के 48 शहरी निकायों में सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो चुका है. इधर आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में भी सुबह सात बजे से शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग जारी है. मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतार देखने को मिली. लोग अपनी बारी का इंतजार कर मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए.

इस बार मतदान बैलेट पेपर से कराया जा रहा है. प्रत्येक मतदाता को दो मतपत्र दिए जा रहे हैं. गुलाबी मतपत्र से मेयर पद और सफेद मतपत्र से पार्षद पद के लिए मतदान किया जा रहा है.
निगम के चर्चित वार्ड 17 में भी कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है. सेंट्रल पब्लिक स्कूल में बने मतदान केंद्र पर सुबह से मतदाताओं की आवाजाही बनी रही. वार्ड की निवर्तमान पार्षद और प्रत्याशी नीतू शर्मा ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
उन्होंने वार्डवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मिले अधिकारों का प्रयोग करना हर मतदाता की जिम्मेदारी है. निष्पक्ष और ईमानदारी से किया गया मतदान ही मजबूत लोकतंत्र की नींव रखता है.
नीतू शर्मा प्रशासनिक तैयारियों से संतुष्ट नजर आईं. उन्होंने जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि मतदाता भयमुक्त होकर मतदान करें. फिलहाल मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है.

