मुंगेर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र के नक्सल प्रभावित भीम बांध इलाके में इस बार शांति और सुरक्षा के माहौल में मतदान हो रहा है. दो दशक पहले तक यह इलाका नक्सल गतिविधियों का गढ़ माना जाता था, जहां भय के कारण मतदान केंद्रों को करीब 15 किलोमीटर दूर स्थानांतरित कर दिया गया था. लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं.

अर्धसैनिक बलों और जिला पुलिस के लगातार अभियान तथा जंगलों में स्थायी सुरक्षा कैंप स्थापित किए जाने के बाद पहली बार 20 वर्षों में भीम बांध समेत सात गांवों में फिर से मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं. ग्रामीणों में इसे लेकर गजब का उत्साह देखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि “वर्षों बाद अपने गांव में मतदान केंद्र लौटना लोकतंत्र की बड़ी जीत है.”
सीआरपीएफ के डीआईजी संदीप कुमार ने बताया कि “बीस साल पहले यहां मतदान केंद्र हुआ करता था, लेकिन नक्सली गतिविधियों के कारण इसे स्थानांतरित कर दिया गया था. अब जब क्षेत्र में पूर्ण शांति स्थापित हो चुकी है, तो फिर से बूथों को गांव में स्थापित किया गया है.” उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केंद्रीय बलों, जिला पुलिस और प्रशासन के समन्वित प्रयासों का परिणाम है. भीम बांध का इलाका अब नक्सल आतंक से मुक्त होकर लोकतंत्र के उत्सव में शामिल हो चुका है.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
