मुंबई: बॉलीवुड से एक और बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां मशहूर अभिनेता और ‘हीरो नंबर 1’ के नाम से प्रसिद्ध गोविंदा की तबीयत मंगलवार देर रात अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के जुहू स्थित क्रिटिकेयर एशिया अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर से पूरे फिल्म उद्योग और उनके प्रशंसकों में चिंता की लहर दौड़ गई.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गोविंदा अचानक बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया. जबकि उनके वकील ललित बिंदल के अनुसार अस्पताल ले जाने से पहले गोविंदा बेचैनी महसूस कर रहे थे. उन्होंने कहा, “डॉक्टर से परामर्श के बाद दवा दी गई और रात करीब 1 बजे उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया. वह थोड़ा विचलित महसूस कर रहे थे. सभी टेस्ट पूरे हो चुके हैं और अब हम मेडिकल रिपोर्ट तथा न्यूरो कंसल्टेशन की राय का इंतजार कर रहे हैं.”
वकील के अनुसार, फिलहाल गोविंदा की स्थिति स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. अस्पताल सूत्रों ने बताया कि घबराने की कोई बात नहीं है और जल्द ही अभिनेता को छुट्टी दी जा सकती है. इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों और बॉलीवुड सितारों ने गोविंदा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

