मोतिहारी: जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी युगल ने रेल ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली. घटना पिपरा थाना क्षेत्र के कुँअरपुर रेलवे हॉल्ट के पास की बताई जा रही है. मंगलवार देर शाम स्थानीय लोगों ने रेल ट्रैक किनारे दोनों के शव क्षत-विक्षत हालत में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी.

जानकारी के अनुसार, युवक और युवती दोनों ने रेलवे हॉल्ट पर अपना बैग रख दिया था, इसके बाद दोनों रेल ट्रैक पर जाकर लेट गए. इसी दौरान वहां से ट्रेन गुजरी और दोनों की कटकर दर्दनाक मौत हो गई. घटना इतनी भयावह थी कि दोनों के सिर धड़ से अलग हो गए.
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और रेल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की. लड़की की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पिपराखेम गांव निवासी के रूप में हुई है, जबकि लड़के की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध की क्या परिस्थितियां थीं, जिनके चलते उन्होंने यह कदम उठाया.

