मधुपुर/ Md. Aslam शहर के कुंडो बांग्ला रोड स्थित मदर्स इंटरनेशनल एकेडमी में मंगलवार को इंटर हाउस गर्ल्स क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया. दिवंगत लोकप्रिय नेता हाजी हुसैन अंसारी की स्मृति में आयोजित प्रथम गर्ल्स क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में साउथ हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट हाउस को 4 रन से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली.

फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ हाउस की टीम ने निर्धारित 6 ओवर में 61 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया. जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट हाउस की टीम ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित ओवरों में 57 रन ही बना सकी और जीत से चूक गई.
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विद्यालय के निदेशक मनोज कुमार कलबलिया एवं ट्रस्टी सुषमा अग्रवाल ने विजेता और उपविजेता टीम की खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया.
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मुस्कान कुमारी (साउथ हाउस) को गर्ल ऑफ द मैच घोषित किया गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल के लिए लकी यादव को गर्ल ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया.
मैच में संदीप कुमार और उनके सहयोगियों ने अंपायर की भूमिका निभाई. प्रतियोगिता में विद्यालय की चार टीमों ईस्ट हाउस, नॉर्थ हाउस, साउथ हाउस और वेस्ट हाउस ने भाग लिया.
इस अवसर पर निदेशक मनोज कुमार कलबलिया ने कहा कि हाजी हुसैन अंसारी का विद्यालय और बच्चों से गहरा लगाव था और वे अक्सर बच्चों का उत्साहवर्धन करने विद्यालय आते थे. उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रथम गर्ल्स क्रिकेट प्रतियोगिता छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि खेलों से छात्राओं में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन का विकास होता है, जो भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी है.
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. पूरे विद्यालय परिसर में खेल भावना और उल्लास का माहौल बना रहा.

