सरायकेला: ईचागढ़ विधानसभा अंतर्गत कुकड़ू स्थित शहीद निर्मल महतो उच्च विद्यालय के शिक्षकों को वेतन भुगतान और अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन सौंपा.


रांची में विधानसभा सत्र के अंतिम दिन विद्यालय के प्रतिनिधिमंडल के साथ सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय के शिक्षक पिछले दो दशकों से सेवा दे रहे हैं, लेकिन अस्थायी शिक्षकों और कर्मचारियों के पारिश्रमिक का अब तक कोई स्पष्ट निर्धारण नहीं किया गया है.
विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि शिक्षकों के मानदेय भुगतान सहित उनकी समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि उन्हें सम्मानजनक पारिश्रमिक मिल सके. ज्ञापन में विद्यालय के खेल मैदान की चारदीवारी निर्माण, छात्रावास की मरम्मत, कम्युनिटी हॉल और शौचालय निर्माण की भी मांग की गई है.
बताया गया कि चांडिल डैम परियोजना के तहत विस्थापित दलित और आदिवासी परिवारों के बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 1993 में इस विद्यालय की स्थापना की गई थी. इसके बावजूद पिछले पांच वर्षों से छात्राओं को साइकिल अनुदान और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ नहीं मिल पाया है. इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष कित्तीवास महतो, शिक्षक राम प्रसाद कुम्हार, पीतांबर महतो, सोनू रजक, वरुण चंद्र महतो, मुकुंद लोहरा, गुरुपद प्रामाणिक, सुषेण कुम्हार, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

