सरायकेला: जिले के नीमडीह प्रखंड में शनिवार को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने चार पीसीसी सड़कों का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण कर सड़कों को ग्रामीणों को समर्पित किया.

विधायक योजना के तहत इन सड़कों का निर्माण कुल 29 लाख 36 हजार 100 रुपये की लागत से कराया गया है.
जानकारी के अनुसार कादलागांव में खेकरी बांद से रंजीत मांझी के घर तक लगभग 8 लाख 90 हजार 300 रुपये की लागत से सड़क का निर्माण हुआ है. वहीं कादला मोड़ से प्रामाणिक के घर तक करीब 7 लाख 27 हजार 900 रुपये की लागत से सड़क बनाई गई है.
इसके अलावा पारकीडीह में नंद मांझी के घर से नदी की ओर लगभग 7 लाख 1 हजार रुपये तथा रामनगर डूंगरीकुली आरईओ रोड तक करीब 6 लाख 16 हजार 900 रुपये की लागत से पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया है.
इस मौके पर विधायक सविता महतो ने कहा कि ग्रामीणों की मांग और जरूरतों को देखते हुए क्षेत्र में लगातार विकास योजनाओं को जमीन पर उतारा जा रहा है. उन्होंने कहा कि पीसीसी सड़क बनने से बरसात के दिनों में ग्रामीणों को कीचड़ से राहत मिलेगी और आवागमन में काफी सुविधा होगी.
कार्यक्रम के दौरान झामुमो केंद्रीय सचिव काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, अनिल मांझी, मंगल मांझी, हरी महतो, टिंकू महतो, जदुपति महतो, उपेंद्र नाथ गोस्वामी, विश्वनाथ गोप, भिरगु मांझी, देवेन महतो, सुजीत महतो, सुफल सिंह, दिलीप सिंह, लालतू मांझी, परीक्षित महतो, गुरुपद सिंह और शिक्षित्त मांझी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे.

