रांची: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने विधानसभा सत्र के तारांकित प्रश्न के माध्यम से तिरुलडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों और कर्मियों की कमी का मामला उठाया. विधायक ने सदन में कहा कि तिरुलडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वीकृत 9 पदों के विरुद्ध मात्र 3 कर्मी ही कार्यरत हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं. उन्होंने बताया कि विगत कई वर्षों से 6 पद रिक्त हैं, जिनमें 2 चिकित्सा पदाधिकारी, 1 औषधि वितरक, 1 लिपिक, 1 प्रयोगशाला तकनीशियन और 1 आदेशपाल का पद शामिल है.

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में वहां एक भी चिकित्सक पदस्थापित नहीं होने से आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
विधायक ने सरकार से पूछा कि जनहित में यहां चिकित्सक, महिला चिकित्सक और अन्य आवश्यक कर्मियों की शीघ्र नियुक्ति की जाएगी या नहीं, और यदि की जाएगी तो कब तक.
सरकार की ओर से दिए गए उत्तर में बताया गया कि तिरुलडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कुल 10 पद स्वीकृत हैं. इन पदों के विरुद्ध नियमित अथवा बाह्य स्रोत के माध्यम से कर्मी कार्यरत हैं. वर्तमान में एक चिकित्सा पदाधिकारी, एक औषधि वितरक, एक लिपिक, एक प्रयोगशाला तकनीशियन तथा तीन चतुर्थ वर्गीय कर्मी पदस्थापित हैं. सरकार ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों के आधार पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं.
विधायक सविता महतो ने क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया और शीघ्र समुचित व्यवस्था करने की अपेक्षा जताई.

