आदित्यपुर: सामाजिक संस्था मिथिला संकीर्तन मंडली का 63वां वार्षिकोत्सव मार्ग संख्या 07-08 स्थित वीर कुंवर सिंह मैदान में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर मंडली द्वारा आयोजित श्रीश्री 108 अखंड हरिकीर्तन का विधिवत समापन भी किया गया.

अखंड हरिकीर्तन के समापन के बाद मंडली की ओर से भव्य नगर भ्रमण निकाला गया, जिसमें मिथिला समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष शामिल हुए. नगर भ्रमण वीर कुंवर सिंह मैदान से प्रारंभ होकर मार्ग संख्या-14 स्थित राम मंदिर तक पहुंचकर संपन्न हुआ. इस दौरान संकीर्तन और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.
कार्यक्रम में बहरगोड़ा के पूर्व विधायक और झामुमो के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाडंगी, आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह एवं वार्ड-17 की पूर्व पार्षद नीतू शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. अतिथियों ने मिथिला संकीर्तन मंडली के सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान की सराहना की.
इस मौके पर कड़ाके की ठंड को देखते हुए मंडली की ओर से जरूरतमंदों के बीच 250 कंबल का वितरण भी किया गया, जिससे ठंड से जूझ रहे लोगों को राहत मिली. स्थानीय लोगों ने मंडली के इस मानवीय पहल की प्रशंसा की.
आयोजन को सफल बनाने में मंडली के अध्यक्ष रंजीत नारायण मिश्र, महासचिव अशोक झा प्रेमी, कोषाध्यक्ष राजेश रंजन सहित विनोद खां, पंकज मिश्रा, कुमोद खां, त्रिलोक मिश्रा, लक्ष्मण झा, शंकर ठाकुर, ब्रह्मानंद झा, सुमन झा मिक्की, निर्मल खां, श्यामल सुमन, सतीश झा और सर्वेश कुमार का सराहनीय योगदान रहा.

