दरभंगा: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी में जुटी भाजपा को बड़ा झटका लगा है. दरभंगा जिले के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक मिश्रीलाल यादव ने भाजपा से इस्तीफा देने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि भाजपा में पिछड़ों का सम्मान नहीं है और उनका अपमान किया गया है. मिश्रीलाल यादव ने बताया कि 2020 में उन्होंने क्षेत्र में एनडीए का परचम फहराया, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने उनके स्वाभिमान की रक्षा नहीं की. उन्होंने कहा कि अभी उनके लिए पार्टी में रहना मुश्किल है और उन्हें भाजपा में “टॉर्चर” का सामना करना पड़ा.

विधायक ने स्पष्ट किया कि वह अभी यह नहीं बता सकते कि किस पार्टी में जाएंगे. उन्होंने कहा कि वह सेक्युलरिज्म में विश्वास रखते हैं और निश्चित तौर पर सेक्युलर पार्टियों में जा सकते हैं, लेकिन फिलहाल किसी पार्टी का नाम नहीं बता रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि हर हाल में वह अलीनगर से चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे. उनके बेटे की भी राजनीति में भागीदारी की संभावना है, लेकिन वह किस पार्टी से चुनाव लड़ेगा इसका खुलासा नहीं किया.
इतिहास पर नजर डालें तो मिश्रीलाल यादव ने 2020 में मुकेश साहनी की पार्टी वीआईपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था. उस समय मुकेश साहनी एनडीए का हिस्सा थे. 2022 में वीआईपी में टूट हुई और चार विधायकों में से तीन विधायक भाजपा में शामिल हो गए, जिसमें मिश्रीलाल यादव भी थे. कुछ समय पहले मिश्रीलाल यादव के भाजपा छोड़ने की चर्चाएं उभरी थीं, लेकिन उन्होंने तब खंडन किया था कि वह भाजपा में हैं और भाजपा में रहेंगे. अब टिकट कटने के बाद उन्होंने बागी तेवर दिखाते हुए इस्तीफा देने का ऐलान किया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
