जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के नारायणपुर प्रखंड के पहरूडीह गांव में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य का शनिवार को विधिवत शिलान्यास किया गया. कार्यक्रम में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए. ग्रामवासियों ने मंत्री का पारंपरिक आदिवासी ढोल- नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया. इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपिका बेसरा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक मौजूद थे.

मंत्री अंसारी ने घोषणा की कि यह सड़क स्वर्गीय पूर्व मुखिया वरुण बेसरा को समर्पित की जाएगी. उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की मांग वर्षों से लंबित थी, लेकिन अब इसका समाधान गांव के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. उन्होंने कहा कि झारखंड ने पिछले दो दशक में अपेक्षित विकास नहीं देखा है, पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है.

कार्यक्रम में मेघनाथ सोरेन, देवीलाल, अजहरुद्दीन अंसारी, मुखिया जलसिंह बेसरा, बीरबल अंसारी, कमाल अंसारी, विनय सिंह, तपन दास, निशापति हांसदा सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे.
बिहार चुनाव परिणाम पर मंत्री का बयान. “हम सदमे में हैं.”
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बिहार चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा. “बिहार के नतीजों ने हम सभी को सदमे में डाल दिया है. समझ नहीं आ रहा कि इस स्थिति से कैसे बाहर निकला जाए. कांग्रेस हाईकमान मल्लिकार्जुन खड़गे ने जल्द समीक्षा का निर्देश दिया है और सच जनता के सामने रखा जाएगा.”
उन्होंने आगे कहा कि एसआईआर रिपोर्ट चुनाव में हार का सबसे बड़ा कारण बनी. साथ ही स्पष्ट किया कि यदि झारखंड में एसआईआर लागू किया गया तो कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करेगी, क्योंकि इससे आदिवासी- मूलवासियों का हक प्रभावित होगा. हालांकि, उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जीत की शुभकामनाएं भी दीं.

