सरायकेला: कुचाई प्रखंड में निर्माणाधीन स्वास्थ्य उप केंद्रों के कार्य में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए कुचाई की प्रमुख गुड्डी देवी और जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.

सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि प्रखंड क्षेत्र में बन रहे स्वास्थ्य उप केंद्रों के निर्माण में भारी अनियमितता बरती जा रही है. योजना स्थल पर प्राक्कलन राशि और न्यूनतम मजदूरी दर से संबंधित सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया है, जो नियमों के विरुद्ध है. ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुचाई के गोमियाडीह गांव में निर्माणाधीन स्वास्थ्य उप केंद्र के पिलर फाउंडेशन में मानकों की अनदेखी की गई है. बिना पीसीसी ढलाई के ही छड़ बांधकर पिलर खड़ा कर दिया गया है. साथ ही निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता के सीमेंट उपयोग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है.
प्रमुख और जिप सदस्या ने यह भी कहा कि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है. उन्होंने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.

