जमशेदपुर: एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2025 के तहत आज दूसरे दिन इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में विभिन्न कॉलेजों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शानदार खेल का प्रदर्शन किया.

इस इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट में करीम सिटी कॉलेज, मानगो कैंपस जमशेदपुर, जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज मानगो, स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन सालबनी और एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन आसनबनी की टीमों ने हिस्सा लिया.

कड़े मुकाबलों के बाद एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया. वहीं जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज मानगो की टीम उपविजेता रही. विजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी खिलाड़ियों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र दिया जाएगा. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की स्वास्थ्य और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई थी.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही. इनमें एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष श्री विवेक सिंह, करीम सिटी कॉलेज की एचओडी डॉ. सुचिता भुईयां, डॉ. अनामिका सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर पंकज कुमार झा, श्री हेमंत पाठक, समाजसेवक राम केबल सिंह और समाजसेवक बिनय मिश्रा शामिल थे.
मैच के दौरान कमेंट्री की जिम्मेदारी स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्र एवं घातशीला की मधुर आवाज के रूप में चर्चित श्री राजेश कुमार मन्ना ने निभाई. वहीं खेल समन्वयक की भूमिका असिस्टेंट प्रोफेसर राजेश्वर प्रसाद वर्मा ने निभाई.
इस अवसर पर अध्यक्ष विवेक सिंह ने कहा कि यह टूर्नामेंट छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतर मंच प्रदान करता है और ऐसे आयोजनों से खेल भावना का विकास होता है. वहीं डॉ. सुचिता भुईयां ने एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता छात्रों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगी. आयोजकों ने बताया कि वार्षिक खेल प्रतियोगिता का समापन कल फाइनल मुकाबले के साथ किया जाएगा.

