सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने रविवार को अपने करीबी सहयोगी संतोष महतो के सुपुत्र संजय कुमार महतो को उनके आवास पर पहुंचकर बधाई दी. संजय कुमार महतो ने यूपीएससी सिविल इंजीनियरिंग आईईएस परीक्षा में 140वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. इस अवसर पर सरायकेला चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल भी मौजूद रहे.

मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि मेहनत, लगन और निष्ठा से हर मंजिल पाई जा सकती है. उन्होंने कहा कि यूपीएससी सिविल इंजीनियरिंग जैसी देश की प्रतिष्ठित परीक्षा में 140वीं रैंक हासिल कर संजय ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे समाज को गौरवान्वित किया है. उन्होंने कहा कि संजय महतो की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि कड़ी मेहनत, सच्ची लगन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. समाज में उपलब्धि हासिल करने वालों को प्रोत्साहित करना सभी का दायित्व है.
- नगर पंचायत उपाध्यक्ष ने कहा कि संजय महतो की सफलता केवल व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है. इससे युवाओं को सही दिशा में निरंतर प्रयास करने का संदेश मिलेगा और वे भी अपने लक्ष्य को पाने के लिए प्रेरित होंगे.

