सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं सरायकेला- खरसावां चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के महासचिव मनोज चौधरी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया फैसले को लेकर तीखा हमला बोला है. उन्होंने ट्रंप के 50 प्रतिशत टैरिफ वाले फैसले को आर्थिक ब्लैकमेल करार देते हुए कहा कि यह भारत को धमकाने का एक हथकंडा है.

मनोज चौधरी ने कहा कि सरकार को किसी भी अंतरराष्ट्रीय दबाव में नहीं आना चाहिए. इस टैरिफ वार से भारतीय बाजार को कई उत्पादों में प्रतिकूल प्रभाव झेलना पड़ेगा. अमेरिका के बाजार में अन्य प्रतिद्वंद्वी देशों के साथ प्रतिस्पर्धा करना भारत के लिए मुश्किल हो जाएगा, जिससे देश का बाजार वैश्विक प्रतिस्पर्धा से बाहर हो सकता है.
उन्होंने ट्रंप के इस कदम को असंगत, अनुचित और अविवेकपूर्ण बताया और कहा कि भारत को इसके खिलाफ रणनीतिक ठोस कार्रवाई करनी चाहिए. यह आर्थिक ब्लैकमेलिंग है जिसका करारा जवाब जरूरी है. मनोज चौधरी ने यह भी कहा कि ट्रंप के इन सनकी निर्णयों से अमेरिका की वैश्विक छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है और पूरी दुनिया में उनका मजाक बन रहा है. उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि अमेरिकी वस्तुओं का बहिष्कार कर एकता और शक्ति का प्रदर्शन करें. यह समय भारत के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर ठोस कदम उठाने का है.

