रांची/ सरायकेला: नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद मनोज कुमार चौधरी जनता से आशीर्वाद लेने उपरांत सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं कल्पना मुर्मू सोरेन से सीएम हाउस में शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने बताया कि मुलाकात सकारात्मक रही और वे हर मंच पर सरायकेला की संस्कृति और परंपराओं को सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

मुलाकात के दौरान मनोज चौधरी ने सरायकेला की पहचान स्वरूप छऊ मुखौटा भेंट किया. साथ ही सरायकेला लड्डू की टोकरी भेंट कर अपने हाथों से मिठाई खिलाई. श्याम रंग का दुपट्टा ओढ़ाकर और मोर पंख भेंट कर सम्मानित किया.
भेंट उपरांत उन्होंने सिविल कोर्ट सरायकेला को शिफ्ट करने संबंधी आदेश को रद्द करने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि इससे 40 प्रतिशत परिवारों की रोजी- रोटी प्रभावित होगी. साथ ही चैत्र पर्व को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करने और इसके लिए आवंटन में बढ़ोतरी करने का अनुरोध भी मुख्यमंत्री को सौंपे गए पत्र में किया गया.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरायकेला के विकास के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. इस शिष्टाचार भेंट में जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली, जिला उपाध्यक्ष भोला मोहती, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य सहित कई कार्यकर्ता और कलाकार उपस्थित थे.

