सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत नया पुलिया के समीप गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. स्कूटी के सामने अचानक बाइक आ जाने से महिला संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिर पड़ी. हादसे में महिला के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं.

घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज चौधरी मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को अपने निजी वाहन से सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया.
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान ठाटुपाड़ा निवासी दीपांजलि साहू उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है. महिला बाजार से खरीदारी कर अपने गांव लौट रही थी. इसी दौरान नया पुलिया के पास अचानक सामने से एक बाइक आ गई, जिससे स्कूटी अनियंत्रित हो गई और महिला सड़क पर गिर पड़ी. गिरने के दौरान महिला का सिर सड़क पर पड़े पत्थर से टकरा गया.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पूर्व नप उपाध्यक्ष मनोज चौधरी को दूरभाष पर सूचना दी. सूचना मिलते ही मनोज चौधरी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया. साथ ही उन्होंने महिला के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी. स्थानीय लोगों ने मनोज चौधरी की त्वरित पहल और मानवीय सहयोग की सराहना की है.

