चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर स्थित उंधन चौक पर आदिवासी कुड़मि समाज और झारखंड लोक कल्याण मंच (जेएलकेएम) के पदाधिकारियों ने वीर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान “वीर शहीद निर्मल महतो अमर रहे” के नारे गूंजे.

अधिवक्ता और युवा नेता महेंद्र जामुदा ने कहा कि शहीद निर्मल महतो के नेतृत्व में तत्कालीन छात्र संगठन आजसू के तत्वावधान में हुए क्रांतिकारी आंदोलन ने झारखंड राज्य की नींव रखी. उनकी शहादत के बाद आंदोलन ने ऐसी दिशा पकड़ी कि तत्कालीन केंद्र सरकार को झारखंड विषयक समिति का गठन कर वार्ता के लिए तैयार होना पड़ा. कुड़मी समाज के कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण महतो ने कहा कि निर्मल महतो की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी. जिस सोच के साथ झारखंड का गठन हुआ था, उसे पूरा करना ही हमारा लक्ष्य है. आज यहां के युवा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए भटक रहे हैं, और हमें उनके सपनों का झारखंड बनाना होगा. कार्यक्रम में कुड़मी समाज के प्रखंड अध्यक्ष कदम्ब बिहारी महतो, सचिव भुवनेश्वर महतो, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार महतो, जेएलकेएम के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य यथार्थ कुमार महतो, प्रखंड अध्यक्ष निशु जैक चम्पिया, भीमसेन सन्डिल, शिव कुमार, विजय देवगन और सुंदरलाल मौजूद थे.

