चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर डिवीजन अंतर्गत मनोहरपुर के पास दुरंतो एक्सप्रेस (मुंबई छत्रपति शिवाजी टर्मिनल- टाटानगर- हावड़ा मार्ग) में यात्रियों के लिए गुरुवार को खौफनाक स्थिति उत्पन्न हो गई. ट्रेन की बोगी ए-4 की खिड़की पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर मारा, जिससे खिड़की का शीशा टूट गया.

खिड़की के टूटने से ए-4 बोगी की 33 नंबर सीट पर बैठे एक यात्री को चोट लगी, जिसे तत्काल प्रारंभिक इलाज दिया गया. इसके बाद ट्रेन को नियत गंतव्य की ओर रवाना किया गया.
घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रेन को रोका और जांच-पड़ताल शुरू की. पत्थर किसने फेंका और कहां से आया, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है. रेलवे लाइन के आसपास सभी जगहों पर घंटों जांच- पड़ताल की जा रही है.
रेलवे अधिकारियों ने इस घटना को यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर चेतावनी बताया. उन्होंने कहा कि तेज़ गति से चलती ट्रेन पर कोई भी बाहरी व्यक्ति पत्थर फेंक सकता है, जिससे यात्रियों और कोच को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है.

