रांची: गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रस्ताव पर सोमवार को मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में जमशेदपुर के मानगो को नया पुलिस अनुमंडल बनाने की स्वीकृति प्रदान की गई. बैठक में मुख्य सचिव ने डीजीपी को निर्देश दिया कि विधि- व्यवस्था के कुशल संधारण के लिए राज्य के सभी जिलों की जरूरतों का आकलन कराया जाए. उन्होंने कहा कि अपराध ग्राफ, ट्रेंड, वर्तमान संसाधनों और भविष्य की जरूरतों का डाटा तैयार होने से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और संसाधनों का बेहतर बंटवारा संभव हो सकेगा.

फिलहाल पूर्वी सिंहभूम में जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा पुलिस अनुमंडल कार्यरत हैं. लेकिन मानगो एवं आजादनगर थाना और ओलीडीह ओपी क्षेत्र में जनसंख्या घनत्व, क्षेत्रफल और विविध प्रकृति के अपराधों में वृद्धि को देखते हुए नए अनुमंडल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी.
गृह सचिव वंदना डाडेल ने बताया कि मानगो में आर्थिक अपराध और नारकोटिक्स से जुड़े मामलों पर लगाम कसने के लिए इसे अनुमंडल का दर्जा दिया जा रहा है. वहीं डीजीपी अनुराग गुप्ता ने कहा कि जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा अनुमंडल से जुड़े मानगो, आजादनगर थाना और ओलीडीह ओपी को काटकर नया मानगो अनुमंडल अस्तित्व में आएगा. वित्त सचिव प्रशांत कुमार और कार्मिक सचिव प्रवीण टोप्पो ने इस विषय पर अपने विभागीय सुझाव दिए और समिति से अनुमोदन प्राप्त किया. बैठक में राजस्व सचिव चंद्रशेखर, ग्रामीण विकास सचिव के. श्रीनिवासन और आईजी नरेन्द्र कुमार सिंह भी मौजूद रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
