महाराष्ट्र: पुणे जिले के बारामती में बुधवार सुबह एक विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई है. यह हादसा सुबह लगभग 9 बजे के करीब हुआ, जब मुंबई से बारामती के लिए उड़ान भरने वाला विमान लैंडिंग के समय क्रैश- लैंड हो गया.

जानकारी के अनुसार 66 वर्षीय उपमुख्यमंत्री अजित पवार बारामती में दोपहर में होने वाले चार महत्वपूर्ण सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रस्थान कर रहे थे. इसी दौरान उनका विमान बारामती एयरपोर्ट पर उतरते समय संतुलन खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
हादसे में विमान के भीतर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें निकट के अस्पतालों में ले जाया गया था. लेकिन कोई भी यात्री बच नहीं पाया, और सभी की इलाज के दौरान मौत हो गई.
मृतकों में दो पायलट और दो यात्री भी शामिल हैं, जिनमें एक एयरक्राफ्ट अटेंडेंट और पवार के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर भी थे. घटना के तुरंत बाद राहत- बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और शहर प्रशासन ने डीजीसीए तथा संबंधित एजेंसियों को दुर्घटना की जांच के लिए निर्देशित किया है.
मृत्यु की खबर मिलते ही राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर शोक की लहर दौड़ गई है. मुख्यमंत्री कार्यालय और राज्य सरकार की ओर से हार्दिक संवेदना संदेश जारी किया गया है.
सूत्रों के अनुसार, DGCA जांच शुरू हो चुकी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि लैंडिंग के समय विमान संतुलन क्यों खो बैठा. वहीं, अजित पवार के परिवार के सदस्य सुप्रिया सुले, सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार दिल्ली से बारामती के लिए रवाना हो चुके हैं.

