देवघर/ Md Aslam जिले के मधुपुर शहर के सलैया स्थित मधुस्थली विद्यापीठ के क्रिकेट स्टेडियम मैदान में सोमवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य और रंगारंग आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ. खेल, अनुशासन और उत्साह से ओत-प्रोत इस आयोजन ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और खेल भावना को सशक्त मंच प्रदान किया.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देवघर के जिला खेल, पर्यटन एवं संस्कृति पदाधिकारी संतोष कुमार उपस्थित रहे. वहीं एमसीकेवी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन किशन कुमार केजरीवाल और एचआर अपर्णा हालदार की उपस्थिति ने विद्यार्थियों का उत्साह दोगुना कर दिया.
आयोजन की सफलता में विद्यापीठ के प्राचार्य नबरुन मंडल, शिक्षा पदाधिकारी डॉ. जनार्दन घोष, डीन एक्टिविटी श्रीनिवास और एसओपीएम राजेश साहनी की भूमिका सराहनीय रही. कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन किशन कुमार केजरीवाल के प्रेरक संबोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने “खेलो इंडिया, खेलो झारखंड” का संदेश देते हुए गुल्ली-डंडा और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला.
मुख्य अतिथि संतोष कुमार ने विद्यापीठ के आधुनिक, खेल-अनुकूल परिसर, शिक्षण पद्धति और स्पोर्ट्स विभाग की प्रशंसा की और विद्यार्थियों को संदेश दिया कि “न जीतना जरूरी है, न हारना जरूरी है, जिंदगी में खेलना जरूरी है.”
कार्यक्रम की रौनक बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों ने जुम्बा ड्रिल, हुप्स, डम्बल ड्रिल और ‘इंद्रधनुषी तरंगों’ जैसे आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए. खेलकूद प्रतियोगिताओं में राइफल शूटिंग, स्पून रेस, शॉटपुट थ्रो, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप, डक वॉक रेस, सैक रेस, बैलून बर्स्टिंग, मैथ रेस, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 1600 मीटर रिले रेस जैसी प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण रहीं.
सभी विजेता छात्रों को विद्यापीठ प्रबंधन की ओर से मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. पुरस्कार पाकर छात्रों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था. मौके पर मधुस्थली शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्या डॉ. जौली सिंहा, ओएसडी निलेश कुमार, कैंपस एडमिनिस्ट्रेटर अतनु दास, एयर राइफल शूटिंग कोच रवि कुमार, विद्यार्थियों के अभिभावक एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.

