मधुपुर/ Md. Aslam नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत शहरी आजीविका मिशन के तहत संचालित महिला एवं पुरुष आश्रय गृह में नगर प्रशासन की ओर से ठंड से राहत का प्रयास किया गया. वार्ड संख्या चार, मधुपुर में संचालित इस आश्रय गृह में नगर प्रशासक द्वारा आश्रयविहीन और असहाय लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया गया.

बताया गया कि आश्रय गृह में महिला और पुरुषों को निशुल्क आवास की सुविधा दी जाती है, जहां ठंड से बचाव के लिए हीटर, कंबल, रजाई, तकिया और बेड जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं पहले से उपलब्ध हैं. कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए नगर परिषद प्रशासन के निर्देश पर विशेष रूप से कंबल वितरण किया गया, ताकि आश्रयविहीन लोगों को ठंड से राहत मिल सके.
कंबल वितरण के दौरान नगर प्रशासक ने कहा कि नगर परिषद का प्रयास है कि ठंड के मौसम में कोई भी असहाय या बेसहारा व्यक्ति ठिठुरने को मजबूर न हो. आश्रय गृह में रहने वाले लोगों की आवश्यकताओं का लगातार आकलन किया जा रहा है और जरूरत के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
कंबल पाकर आश्रय गृह में रह रहे लोगों के चेहरे पर राहत दिखाई दी. स्थानीय स्तर पर नगर परिषद के इस मानवीय प्रयास की सराहना की जा रही है. मौके पर नगर मिशन प्रबंधक विजय कुमार, राजीव कुमार, नीरज कुमार, संजय कुमार सिंह, अशफाक सहित अन्य नगर परिषद कर्मी एवं लाभुक उपस्थित थे.

