मधुपुर/ Md Aslam

मधुपुर शहर के पनाह कोला मोहल्ला से उमरा की अदायगी के लिए जायरीन का एक जत्था मंगलवार को मधुपुर रेलवे स्टेशन से12024 डाउन पटना- हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन द्वारा हावड़ा के लिए रवाना हुआ. हावड़ा पहुंचने के बाद जायरीन मुंबई जाएंगे,जहां से बुधवार को सऊदी अरब के जिद्दा के लिए उड़ान भरेंगे.
जिद्दा पहुंचकर जायरीन मक्का- मदीना में उमरा की रस्में अदा करेंगे. जायरीन की रवानगी के अवसर पर मधुपुर स्टेशन पर भावुक और धार्मिक माहौल देखने को मिला. परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने उमरा पर जा रहे पनाह कोला मोहल्ला के हसमत अली, रज़िया परवीन, अफान हसमत, सराफत समशेर, अकबरी बेगम जायरीन को फूल- मालाएं पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत और विदाई की. इस दौरान सभी ने एक साथ सामूहिक दुआ की और मुल्क में अमन- चैन, भाईचारा और खुशहाली कायम रहने की कामना की. जायरीन ने कहा कि उमरा की इबादत के दौरान वे अपने शहर, राज्य और देश की तरक्की, शांति और सौहार्द के लिए विशेष दुआ करेंगे.
स्टेशन परिसर में लोगों की मौजूदगी से माहौल पूरी तरह धार्मिक और आत्मीय बना रहा. उमरा पर जा रहे जायरीन को विदा करने पहुंचे लोगों में हाजी सरफराज अहमद, हाजी मोहम्मद निजाम, मोहम्मद अफरोज मोहम्मद, सचिव कामरान, मोहम्मद मकसूद आलम दीन मोहम्मद उर्फ दीनु, मोहम्मद नासिर, मोहम्मद एहतेशाम, मोहम्मद सिकंदर, मोहम्मद शमीम, मोहम्मद अख्तर, फिरोज, मोहम्मद राजा, मोहम्मद जाकिर, मोहम्मद राजु लोगों ने उनके सकुशल यात्रा और इबादत की कुबूलियत की दुआ की. वहीं जायरीनो ने भी सभी से दुआओं की दरख्वास्त की.

