मधुपुर/ Md. Aslam शहर के न्यू कॉलोनी स्थित स्काउट डेन में रविवार को पूर्व रेलवे भारत स्काउट एंड गाइड, मधुपुर ग्रुप के तत्वावधान में ड्राइंग एवं खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक एवं शारीरिक क्षमताओं का शानदार प्रदर्शन किया.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रेलवे स्टेशन प्रबंधक रवि शेखर, हेल्थ इंस्पेक्टर अभिमन्यु गुप्ता, सीनियर डीएम डॉ. सनातन हाजरा एवं जेई टीआरडी हेमंत शर्मा उपस्थित रहे. स्काउट एंड गाइड के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया. मौके पर मधुपुर ग्रुप के जीएलएस रंजीत कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारना और उनमें रचनात्मकता, अनुशासन तथा आत्मविश्वास का विकास करना है.
प्रतियोगिता के तहत छोटे-छोटे बच्चों के बीच ड्राइंग और खेलकूद की अलग- अलग स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिसमें कुल 32 बच्चों ने भाग लिया. ड्राइंग प्रतियोगिता में रुद्रा शर्मा ने प्रथम, जाग्रति कुमारी ने द्वितीय तथा समृद्धि किशोर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं खेलकूद प्रतियोगिता में अंकित कुमार यादव प्रथम, अहान भास्कर साह द्वितीय एवं प्रिंस राज तृतीय स्थान पर रहे.
सभी सफल प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
अपने संबोधन में अतिथियों ने बच्चों को ऐसे आयोजनों में बढ़- चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के बौद्धिक, मानसिक और शारीरिक विकास में सहायक होते हैं तथा उनमें टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं.
कार्यक्रम में उत्तम कुमार ठाकुर, शशि कुमार, अंकेश कुमार शर्मा, अल्ताफ आलम, मो. शाहनवाज आलम, बजरंग देव हारी, प्रेम रंजन, जयराज कुमार, सुजीत कुमार, रौशन कुमार, रुद्रा शर्मा, सूरज कुमार, सत्यम राज सहित कई स्काउट-गाइड सदस्य एवं अभिभावक मौजूद थे.
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया.

