मधुपुर/ Md. Aslam अनुमंडल कार्यालय कक्ष में शनिवार को 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के राजकीय समारोह की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने की. बैठक में शहर के प्रबुद्ध नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी एवं आयोजन से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए.

बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने कहा कि गणतंत्र दिवस का आयोजन गरिमामय, अनुशासित और सफल हो, इसके लिए प्रशासन और शहर के गणमान्य लोगों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है. उन्होंने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य आपसी सामंजस्य स्थापित करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा तय करना और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर विचार- विमर्श करना है.
वहीं समारोह के संयोजक अरविन्द कुमार ने जानकारी दी कि बैठक में सर्वसम्मति से नई आयोजन समिति के गठन पर सहमति बनी है. उन्होंने बताया कि आगामी 5 जनवरी को आयोजन समिति की एक विस्तृत बैठक बुलाई गई है, जिसमें सभी की सहमति से समिति का औपचारिक गठन किया जाएगा. साथ ही गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य और सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी.
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येन्द्र प्रसाद, सचिव महेंद्र घोष, अरविन्द यादव, हेमंत नारायण सिंह, संजय यादव, फैयाज कैशर, सुबल प्रसाद सिंह, जियाउल हक टार्जन, ऐनुल होदा, कन्हैया लाल कन्नू, मो. मुमताज, गुड्डू दुबे, संजय राय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे. बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने गणतंत्र दिवस के राजकीय समारोह को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया.

