जामताड़ा/ Manish Baranwal गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर मधुपुर में आयोजित होने वाले भव्य समारोह की तैयारियों को लेकर अनुमंडल प्रशासन सक्रिय हो गया है. मार्च पास्ट, परेड, झांकी और खेल-कूद प्रतियोगिताओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की जा रही है.

यह बैठक 17 जनवरी 2026, शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे मधुपुर अनुमंडल कार्यालय कक्ष में आयोजित होगी.
इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है. अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि बैठक में सरकारी एवं गैर- सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और प्राचार्य भाग लेंगे. बैठक के दौरान गणतंत्र दिवस समारोह की समग्र रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी.
बैठक में विशेष रूप से मार्च पास्ट, परेड और झांकी की तैयारी, विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों की सहभागिता, अनुशासन व्यवस्था, समय-निर्धारण और आपसी समन्वय जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार- विमर्श किया जाएगा. साथ ही कार्यक्रम को अधिक आकर्षक, अनुशासित और गरिमामय बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रशासन की ओर से दिए जाएंगे.
अनुमंडल प्रशासन ने सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्राचार्यों से निर्धारित तिथि और समय पर बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह को सफल और भव्य बनाया जा सके.

