मधुपुर/ Md. Aslam नव वर्ष को लेकर रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से आसनसोल रेल मंडल की सहायक सुरक्षा आयुक्त पुनम रानी ने बुधवार को मधुपुर आरपीएफ पोस्ट का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने आरपीएफ पोस्ट में तैनात अधिकारियों और जवानों से सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान सहायक सुरक्षा आयुक्त ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, मालखाना सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों और संसाधनों की जांच की. उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार के साथ- साथ भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्कता बढ़ाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नव वर्ष के अवसर पर यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
इसके अलावा उन्होंने आरपीएफ बैरक और कोचिंग कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया और जवानों की सुविधाओं एवं अनुशासन की समीक्षा की. मौके पर सभी अधिकारियों और जवानों के साथ सुरक्षा सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें संभावित भीड़ नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और त्वरित कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया.
इस अवसर पर आरपीएफ इंस्पेक्टर हरेंद्र कुमार सिंह, सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र प्रसाद, रामा शंकर प्रसाद, एएसआई वीके पांडेय, एएसआई डीके सिन्हा सहित अन्य आरपीएफ जवान उपस्थित रहे. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि नव वर्ष के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ पूरी तरह मुस्तैद रहेगी.

