मधुपुर/ Md Aslam रविवार को देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक कार्यक्रम रहमानी-30 की प्रवेश परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई. परीक्षा का आयोजन शहर के दो परीक्षा केंद्रों किड्स गार्डन स्कूल तथा इस्लामिया मदरसा, हाजी गली में किया गया, जहां सुबह से ही परीक्षार्थियों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली.

परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखा गया.
सुव्यवस्थित परीक्षा प्रबंधन, कड़ी निगरानी एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई. परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुशासनहीनता अथवा शिकायत की सूचना नहीं मिली, जिससे आयोजन की सराहना की जा रही है.
इस संबंध में किड्स गार्डन स्कूल के निदेशक सह प्रधानाचार्य गुफरान अली जाफरी ने बताया कि रहमानी-30 एक राष्ट्रीय स्तर का मेरिट आधारित मेंटरशिप एवं रेजिडेंशियल शैक्षणिक कार्यक्रम है. इसका उद्देश्य देशभर के मेधावी छात्रों को आईआईटी, जेईई, नीट, सीए सहित अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की उच्चस्तरीय तैयारी का अवसर प्रदान करना है.
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल अकादमिक सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देता है. इसमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व विकास को समान महत्व दिया जाता है. रहमानी-30 का लक्ष्य ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ने का मंच देना है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन के बल पर देश के नामचीन शैक्षणिक संस्थानों में स्थान बनाना चाहते हैं.
गुफरान अली जाफरी ने बताया कि अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन, अनुशासित आवासीय व्यवस्था और निरंतर मॉनिटरिंग के माध्यम से छात्रों को एक उज्ज्वल भविष्य की दिशा दी जाती है. परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षक के रूप में रूही बानो, कौशर परवीन, भारत झा, सद्दाम हुसैन, नेहा परवीन सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी तैनात थे, जिन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ परीक्षा प्रक्रिया को संपन्न कराया.

