मधुपुर/ Md. Aslam झारखंड सरकार के जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल अंसारी के पैतृक गांव पिपरा में पूर्व मंत्री स्वर्गीय हाजी हुसैन अंसारी की स्मृति में आयोजित हाजी हुसैन अंसारी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ सोमवार को किया गया. इस क्रिकेट महाकुंभ का आयोजन स्थानीय विधायक सह मंत्री हफीजुल अंसारी की ओर से किया गया है.

टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें लीग के आधार पर भाग ले रही हैं, जो अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी. उद्घाटन समारोह में मंत्री प्रतिनिधि शब्बीर हसन, इकरामुल हसन, डीएसपी सत्येंद्र प्रसाद एवं अंचल अधिकारी यामुन रविदास ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और केक काटकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया.
उद्घाटन अवसर पर किड्स गार्डन स्कूल के बच्चों के साथ खिलाड़ियों की मैदान में एंट्री और राष्ट्रगान की गूंज से पूरा माहौल देशभक्ति और उत्साह से भर उठा. दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला बारापंसारी बनाम रामपुर-11 के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.
आयोजकों के अनुसार फाइनल मुकाबले में विजेता टीम को एक लाख रुपये नकद, जबकि उपविजेता टीम को पचास हजार रुपये नकद पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया जाएगा. इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, खेल प्रेमी एवं ग्रामीण दर्शक मौजूद थे. आयोजकों ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान मिलती है.

