मधुपुर/ Md. Aslam शीत लहर और लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर परिषद ने आमजन को राहत पहुंचाने की दिशा में अहम कदम उठाया है.
नगर परिषद प्रशासक सुरेंद्र किस्कु के निर्देश पर शहरी क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित रूप से अलाव जलाने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि ठंड से प्रभावित लोगों को राहत मिल सके.

नगर परिषद की ओर से यह व्यवस्था खासकर उन स्थानों पर की गई है, जहां सुबह और शाम के समय लोगों की आवाजाही अधिक रहती है. इसके तहत डालमिया कूप, पंच मंदिर रोड स्थित मंडल चाय दुकान के पास, गांधी चौक, रेलवे स्टेशन परिसर और खलासी मोहल्ला चौक पर अलाव जलाए जा रहे हैं.
प्रशासन का कहना है कि ठंड के इस मौसम में गरीब, असहाय, दिहाड़ी मजदूर, फुटपाथ पर रहने वाले लोग और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. अलाव की व्यवस्था से जरूरतमंद लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ हद तक राहत मिलेगी.
नगर परिषद कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अलाव नियमित रूप से जलाए जाएं और किसी भी स्थान पर व्यवस्था में कमी न रहने दी जाए. नगर परिषद प्रशासक सुरेंद्र किस्कु ने बताया कि ठंड के प्रकोप को देखते हुए आगे भी आवश्यकता के अनुसार शहर के अन्य स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जाएगी.
साथ ही शहरी क्षेत्र में साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. वहीं शहरवासियों ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कड़ाके की ठंड में अलाव की व्यवस्था जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है.

