मधुपुर/ Md. Aslam शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से मधुपुर नगर परिषद ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. इसी क्रम में शुक्रवार को नगर परिषद द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया.

नगर प्रशासक सुरेंद्र किस्कु के निर्देश पर यह अभियान नगर प्रबंधक अनुज राकेश किस्पोट्टा के नेतृत्व में संचालित किया गया. अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम ने थाना रोड और गांधी चौक क्षेत्र में दुकानों की गहन जांच की. जांच के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई की गई.
इस दौरान विभिन्न दुकानों से लगभग 6 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलिथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त की गई. नगर परिषद की टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 120 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक पॉलिथीन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है. नगर प्रबंधक अनुज राकेश किस्पोट्टा ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर भविष्य में जुर्माना सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए अत्यंत हानिकारक है, जिससे नालियों में जाम, जलभराव और गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं. उन्होंने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य मधुपुर को स्वच्छ और हरित शहर बनाना है, जिसके लिए आम नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग आवश्यक है. नगर परिषद की ओर से दुकानदारों से कपड़े और कागज के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई. साथ ही आम नागरिकों को भी जागरूक किया गया कि वे खरीदारी के दौरान प्लास्टिक थैलों के उपयोग से बचें. नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह के जांच और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि मधुपुर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके.
इस अभियान में नगर परिषद के कर्मी मेराज रब्बानी, मोहम्मद मंसूर आलम, संजय कुमार, मोहम्मद अशफाक, नवाज शहीद, अमरजीत पासवान, मिथुन रवानी, मोहम्मद औरंगज़ेब, सदानंद राउत, प्रभाकर कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

