मधुपुर/ Md. Aslam झारखंड सरकार के निर्देशानुसार मधुपुर नगर परिषद ने शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है. नगर परिषद द्वारा दो 20 हॉर्स पावर और एक 35 हॉर्स पावर का ट्रैक्टर खरीदा गया है, जिससे शहरी क्षेत्र में साफ-सफाई कार्य को और प्रभावी रूप से किया जा सकेगा.

नगर परिषद प्रशासक सुरेंद्र किस्कु ने जानकारी देते हुए बताया कि नए ट्रैक्टरों के आने से शहर की सकरी गलियों और मोहल्लों में भी नियमित सफाई सुनिश्चित की जा सकेगी. उन्होंने कहा कि अब उन इलाकों में भी सफाई कार्य सुचारू रूप से किया जा सकेगा, जहां पहले बड़े वाहनों की पहुंच संभव नहीं थी.
नगर परिषद का उद्देश्य है कि शहर के प्रत्येक वार्ड, मोहल्ले और गली-कूचों में स्वच्छता बनी रहे.
नए संसाधनों के माध्यम से सफाई कर्मियों को भी सुविधा मिलेगी और कचरा उठाव, नालियों की सफाई सहित अन्य कार्य समय पर पूरे किए जा सकेंगे. नगर परिषद के इस कदम से आम नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा और मधुपुर शहर को साफ-सुथरा और स्वस्थ बनाए रखने में मदद मिलेगी.
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था और बेहतर होगी.

