मधुपुर/Md Aslam नगर परिषद ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को शहर के सबसे व्यस्त इलाके गांधी चौक में विशेष अभियान चलाया. नगर परिषद के प्रशासक सुरेंद्र किस्कु के निर्देश पर नगर प्रबंधक अनुज राकेश किस्पोट्टा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई.


अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से ठेला लगाकर अतिक्रमण कर रहे चार ठेला को जब्त कर नगर परिषद कार्यालय लाया गया. नगर परिषद की इस कार्रवाई से गांधी चौक क्षेत्र में दिनभर लगने वाले जाम और अव्यवस्था से जूझ रहे लोगों को राहत मिली.
नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद कुछ ठेला संचालक नियमों का उल्लंघन कर रहे थे. इससे आम राहगीरों और वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही थी. इसी को देखते हुए सख्त कदम उठाया गया.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर जुर्माना भी लगाया जाएगा. ठेला संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे केवल निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय करें, अन्यथा भविष्य में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
नगर परिषद की इस पहल का स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने स्वागत किया है. परिषद ने संकेत दिया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आने वाले दिनों में अन्य चौक-चौराहों पर भी इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा.

