मधुपुर/ Md Aslam

मदर इंटरनेशनल एकेडमी के तत्वावधान में विद्यालय का प्रथम इंटर हाउस बालिका क्रिकेट टूर्नामेंट आगामी 9 जनवरी शुक्रवार से आयोजित किया जाएगा. यह टूर्नामेंट स्वर्गीय हाजी हुसैन अंसारी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है. उक्त जानकारी विद्यालय के निदेशक मनोज कुमार कलबलिया ने दी.
निदेशक मनोज कुमार कलबलिया ने बताया कि इस गर्ल्स क्रिकेट प्रतियोगिता में लीग आधार पर मुकाबले खेले जाएंगे. प्रत्येक मैच 6 ओवर का होगा. प्रतियोगिता में मदर इंटरनेशनल एकेडमी की चार टीमों ईस्ट हाउस, नॉर्थ हाउस, साउथ हाउस और वेस्ट हाउस के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे.
उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में खेल भावना का विकास करना, उन्हें शारीरिक रूप से सशक्त बनाना तथा बालिका खेल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है. उन्होंने कहा कि आज बालिकाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और खेल के क्षेत्र में भी उन्हें समान अवसर और प्रोत्साहन दिया जाना अत्यंत आवश्यक है. प्रतियोगिता लीग एवं नॉकआउट आधार पर आयोजित की जाएगी. विजेता और उपविजेता टीमों को समापन समारोह में ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा. विद्यालय प्रबंधन की ओर से टूर्नामेंट की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मैच के दौरान खेल अनुशासन, सुरक्षा व्यवस्था और खेल नियमों का विशेष ध्यान रखा जाएगा.
निदेशक ने बताया कि स्वर्गीय हाजी हुसैन अंसारी शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में प्रेरणास्रोत रहे हैं. उनकी स्मृति में इस प्रकार का आयोजन विद्यालय के लिए गर्व का विषय है. यह टूर्नामेंट न केवल एक खेल प्रतियोगिता होगा, बल्कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा.

