मधुपुर/ Md Aslam मधुपुर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित अनुज्ञप्ति प्राप्त देशी शराब दुकान में अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से सेंधमारी कर हजारों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया है. इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने रात के अंधेरे में दुकान की पीछे की दीवार को काटकर भीतर प्रवेश किया. इसके बाद गल्ले में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद के साथ- साथ हजारों रुपये मूल्य की देशी शराब की बोतलें चोरी कर ली गईं. चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी को छिपाने के उद्देश्य से चोरों ने दीवार में किए गए छेद को ईंटों से ढंक दिया, ताकि सुबह दुकान खुलने पर तुरंत किसी को शक न हो.
सुबह जब दुकान संचालक ने दुकान खोली तो अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए. गल्ला खाली था और शराब की कई पेटियां गायब थीं. इसके बाद तत्काल मधुपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से छानबीन शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ- साथ संदिग्धों की तलाश में जुट गई है.
इधर, मधुपुर शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों और दुकानदारों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है. दुकानदारों का कहना है कि रात्रि गश्त की कमी के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं. लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने, रात्रि निगरानी सख्त करने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का भरोसा दिया गया है.

