मधुपुर/ Md Aslam बढ़ती ठंड और शीत लहर को देखते हुए लायंस क्लब मधुपुर यूनिटी की ओर से सामाजिक सेवा अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में क्लब द्वारा शहर के विभिन्न चौक- चौराहों पर गुजर- बसर करने वाले जरूरतमंद और असहाय लोगों के बीच कंबल और अल्पाहार का वितरण किया गया.

यह सेवा अभियान मधुपुर रेलवे स्टेशन परिसर, स्टेशन रोड, गांधी चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर चलाया गया, जहां ठंड से सबसे अधिक प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाई गई. क्लब के सदस्यों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जरूरतमंदों को कंबल ओढ़ाए और अल्पाहार देकर मानवीय सहयोग प्रदान किया.
इस अवसर पर लायंस क्लब मधुपुर यूनिटी के अध्यक्ष अर्फी नाज, सचिव शिलु समद, ट्रेजर रामचंद्र झा, चेयरपर्सन शौकत नाज सहित प्रिंस समद, मोती सिंह, मोहम्मद चांद और अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे. सभी ने एकजुट होकर सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई. क्लब के अध्यक्ष अर्फी नाज और सचिव शिलु समद ने बताया कि शीत लहर के दौरान यह सेवा अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत मिल सके. लायंस क्लब मधुपुर यूनिटी का यह प्रयास समाज में सेवा और संवेदना की भावना को मजबूत करने वाला बताया जा रहा है.

