मधुपुर/Md Aslam: प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला कार्यक्रम के तहत बुधवार को अनुमंडलीय अस्पताल, मधुपुर परिसर में भव्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया. यह स्वास्थ्य मेला 6 जनवरी से 10 जनवरी तक चलेगा, जिसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है.

स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन मंत्री प्रतिनिधि शब्बीर हसन अंसारी, डीआरसीएचओ देवघर डॉ. रमेश कुमार, बीडीओ अजय कुमार दास, प्रखंड प्रमुख पद्मिनी देवी, उपाधीक्षक डॉ. मोहम्मद शाहिद एवं विधायक स्वास्थ्य प्रतिनिधि मोहम्मद शाहिद उर्फ फेकू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
स्वास्थ्य मेले में आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल 15 स्टॉल लगाए गए हैं. इन स्टॉलों पर एक ही छत के नीचे आयुष्मान कार्ड, अबुआ कार्ड एवं आभा कार्ड निर्माण, सामान्य ओपीडी, दंत चिकित्सा, टीकाकरण, रक्तचाप एवं मधुमेह जांच, एनीमिया जांच, परिवार नियोजन परामर्श, नेत्र एवं कुष्ठ रोग जांच, मासिक स्वास्थ्य जांच, आयुष परामर्श, कुपोषण उपचार केंद्र तथा टीबी जांच एवं परामर्श जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
मौके पर डीआरसीएचओ डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य मेला सरकार की उस सोच का हिस्सा है, जिसके तहत आम लोगों को नजदीक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समय रहते बीमारियों की पहचान होती है और लोगों को सही परामर्श मिल पाता है.
मंत्री प्रतिनिधि शब्बीर हसन अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य मेला ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी है. सरकार की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें. उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य मेले में पहुंचकर नि:शुल्क जांच एवं परामर्श का लाभ उठाएं.
स्वास्थ्य मेला शुरू होते ही बड़ी संख्या में मरीज एवं लाभार्थी विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचे और जांच, परामर्श व कार्ड निर्माण की प्रक्रिया पूरी कराई. कार्यक्रम को सफल बनाने में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही.

